जयपुर में दीपावली पर बाजारों की सजावट और खरीदारी को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार शाम एमआई रोड पर दीपावली लाइटिंग का बटन दबाकर स्विच ऑन किया। पांच बत्ती चौराहे को पिंकसिटी थीम पर सजाया गया है। वहीं, पूरे एमआई रोड पर कलरफुल लाइटिंग के साथ सजावटी छतरियां और फूलों से सजावट की गई है। एमआई रोड पर इस बार 11 दिन तक लाइटिंग रहेगी। वहीं, धनतेरस पर बाजारों में पूरी रात दुकानें खुलेंगी। बाजारों में देर रात तक खरीदारी करने वालों की सुविधा के लिए जयपुर मेट्रो ने भी 3 से 11 नवंबर तक फेरों की संख्या बढ़ाने के साथ आखिरी ट्रेन का समय रात 12:30 बजे तक कर दिया है। पहले देखें लाइटिंग के PHOTOS 750 एलईडी बल्ब और 100 डिजाइनर छतरियों से सजाया एमआई रोड एमआई रोड की सजावट में करीब 750 एलईडी बल्ब, 500 रंग-बिरंगी लाइटें, 100 डिजाइनर छतरियां और 250 फ्लावर डेकोरेशन लगाए गए हैं। इस बार पहली बार लाइट्स, शार्पी लाइट्स और लेजर लाइट्स का इस्तेमाल भी किया जा रहा है। पांच बत्ती चौराहे को पिंकसिटी थीम पर तैयार किया गया है। 7 की जगह 11 दिन तक रहेगी लाइटिंग एमआई रोड अध्यक्ष सुरेश सैनी ने बताया- एमआई रोड की सजावट का श्रीगणेश मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किया है। इस बार सजावट 1 नवंबर से शुरू की गई है, जो 11 नवंबर तक रहेगी। पहले बाजार में 7 दिन तक लाइटिंग होती थी, लेकिन इस बार इसे बढ़ाकर 11 दिन किया गया है। आमतौर पर रात 11 से 11:30 बजे तक लाइटें बंद कर दी जाती थीं, लेकिन इस बार रात 12 बजे तक लाइटिंग रहेगी। उन्होंने बताया- धनतेरस पर एमआई रोड की दुकानें पूरी रात खुली रहेंगी। इसके लिए जयपुर कमिश्नर से अनुमति मिल गई है। लाइटिंग देखने के लिए देशभर से टूरिस्ट जयपुर आते हैं। इससे बाजार में ग्राहकों के साथ टूरिस्ट की संख्या भी बढ़ती है। 35 की जगह 55 किलोमीटर तक सजावट सैनी ने बताया कि पहले जयपुर में 30 से 35 किलोमीटर के एरिया में सजावट की जाती थी। इस बार इसे बढ़ाकर 50 से 55 किलोमीटर तक किया गया है। शहर के अलग-अलग बाजारों और इलाकों को अलग-अलग थीम पर सजाया जा रहा है। कहीं रामसेतु तो कहीं राम मंदिर की थीम पर सजावट होगी। इसके साथ ही पूरे जयपुर को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया जाएगा। रात 12:30 बजे तक चलेगी आखिरी मेट्रो दीपावली पर परकोटे सहित प्रमुख बाजारों में खरीदारी और रोशनी देखने आने वाले लोगों की सुविधा के लिए जयपुर मेट्रो ने भी फेरों की संख्या बढ़ाई है। 3 से 11 नवंबर तक मेट्रो के प्रतिदिन फेरों की संख्या 202 से बढ़ाकर 214 कर दी गई है। इस दौरान मानसरोवर और बड़ी चौपड़ मेट्रो स्टेशन से आखिरी ट्रेन रात 12:30 बजे तक चलेगी। यह व्यवस्था 9 दिन के लिए लागू की गई है। इससे देर रात तक बाजारों में खरीदारी करने और दीपावली की सजावट देखने आने वाले शहरवासियों के साथ देशी-विदेशी टूरिस्ट को भी सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम में ये रहे मौजूद एमआई रोड पर बुधवार शाम पहुंचे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बटन दबाकर लाइटिंग का स्विच ऑन किया। इस दौरान विधायक डॉ. गोपाल शर्मा, विधायक रफीक खान, विधायक कालीचरण सराफ, विधायक अमीन कागजी, नगर निगम मेयर सुनील कोठारी, नगर निगम कमिश्नर ओम कसेरा सहित विभिन्न व्यापार मंडलों के पदाधिकारी मौजूद रहे।