जयपुर के मालवीय नगर स्थित मोलिज क्लब में युवक और उसकी दोस्त के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। मामले में जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने क्लब मैनेजर और दो बाउंसर को गिरफ्तार किया है। पीड़ित की ओर से क्लब के बाउंसरों और मैनेजर पर हमला करने के साथ सोने की चेन छीनने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित ने क्लब के बाउंसरों और मैनेजर पर धर्म को लेकर अपमानजनक टिप्पणी करने, जातिसूचक गालियां देने और जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुट गई है और मामले में दोनों पक्षों के आरोपों की जांच की जा रही है। क्लब में टिप्पणी के बाद हुआ विवाद पीड़ित की ओर से दी गई FIR के अनुसार, खो नागोरियान निवासी कासिम अंसारी 20 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे अपनी दोस्त के साथ मालवीय नगर में वर्ल्ड ट्रेड पार्क के पीछे स्थित रेस्टोरेंट दावत के ऊपर बने मोलिज क्लब पहुंचा था। रात करीब 11 बजे क्लब का बाउंसर आनंद नाथा उसके पास आया और कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी करने लगा। इसके बाद बाउंसर महेश और मैनेजर शैलेन्द्र भी वहां पहुंच गए। आरोप है कि तीनों ने जातिसूचक और अपमानजनक गालियां देते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। सिर पर शराब की बोतल से किया हमला कासिम का आरोप है कि बाउंसरों और क्लब के अन्य स्टाफ ने उसके साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान सिर पर शराब की बोतलों से वार किए गए, जिससे उसकी आंखों में गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने उसकी करीब दो तोले की सोने की चेन भी छीन ली। बचाने आई दोस्त से अभद्रता आरोप है कि कासिम को बचाने पहुंची उसकी दोस्त के साथ भी बाउंसरों ने मारपीट की। शिकायत में आनंद, महेश और शैलेन्द्र पर अभद्रता और छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया गया है। मारपीट में उसकी दोस्त की कमर पर चोटें आईं और उसकी सोने की नाक की बाली भी छीन ली गई। दो बाउंसर और क्लब मैनेजर गिरफ्तार जवाहर सर्किल थानाधिकारी महेश चंद्र गुर्जर ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में आनंद और महेश क्लब के बाउंसर हैं, जबकि शैलेन्द्र मोलिज क्लब का मैनेजर है।