जयपुर में मुहाना रोड स्थित फिल्टर प्लांट के सामने बुधवार शाम करीब साढ़े पांच बजे कबाड़ गोदाम में आग लग गई। आग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जिस जगह आग लगी, उसके ऊपर से हाईटेंशन बिजली की लाइन गुजर रही थी। ऐसे में आग के साथ बड़े हादसे की आशंका भी बनी रही। सूचना मिलते ही मुहाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय स्तर पर आग बुझाने के प्रयास शुरू करवाए। दमकल की गाड़ियां पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों और पुलिस ने पानी के टैंकरों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की। इसके लिए 8 से 10 पानी के टैंकर मौके पर बुलाए गए। करीब 20 मिनट बाद दमकल की तीन गाड़ियां भी घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस और दमकलकर्मियों ने संयुक्त प्रयास करते हुए करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पानी के टैंकर से आग बुझाने का किया प्रयास मुहाना थाना एसएचओ हिम्मत सिंह ने बताया- आग लगने की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर 8 से 10 पानी के टैंकर मंगवाए। इसके बाद फायर ब्रिगेड की तीन दमकलों की मदद से करीब एक घंटे में आग बुझा दी गई। एहतियात के तौर पर इलाके की बिजली सप्लाई बंद करवाई गई। हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।