जयपुर में चचेरे भाई ने भाई की हत्या कर दी। आरोपी ने पहले युवक को ट्रेन के आगे धक्का दिया, मरा नहीं तो पत्थर से सिर कुचल दिया। पुलिस को 30 अक्टूबर को धानक्या-शयोसिंहपुरा रेलवे ट्रैक के पास शव मिला। शनिवार को मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने चचेरे भाई को अरेस्ट कर लिया। आरोपी का भाभी से अफेयर था। आरोपी ने भाभी को कॉल कर हत्या के बारे में बताया था। डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया- झुंझुनूं के गोविंदपुरा मेहाड़ा निवासी श्रवण सिंह (34) की चचेरे भाई भवानी उर्फ कालू (28) ने हत्या की थी। 30 अक्टूबर को सुबह 10 बजे श्रवण सिंह का शव मिला था। श्रवण 29 अक्टूबर को करवा चौथ के दिन चचेरे भाई भवानी के साथ मकराना से गांव जाने के लिए रवाना हुआ था। दोनों जयपुर के बजाय फुलेरा उतर गए। वहां से लिफ्ट लेकर शाम करीब 6:30 बजे धानक्या पहुंचे थे। भाभी से थे संबंध पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार देर रात झुंझुनूं से पकड़ा। जांच में सामने आया है कि प्लानिंग के तहत उसने श्रवण की हत्या की। वह श्रवण को बातों में उलझाकर रेलवे ट्रैक तक लेकर आया था। आरोपी चचेरे भाई के श्रवण की पत्नी से संबंध थे। जिसमें बाधा बनने के चलते श्रवण की हत्या की गई। पुलिस हत्या को लेकर आरोपी भवानी के साथ श्रवण की पत्नी की भूमिका की जांच की जा रही है l