पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में जयपुर की 133 ग्राम पंचायत के वार्ड पंच और सरपंच पद के लिए वोटिंग प्रक्रिया सुबह 7 बजे से शुरू हो गई। इन ग्राम पंचायतों में सरपंच के लिए 856 उम्मीदवार मैदान में है, जिनके जीत-हार का फैसला आज शाम 6 बजे तक मतपेटियों में बंद होगा। देर रात को रिजल्ट आएगा। इससे पहले मंगलवार को नोटिफिकेशन जारी होने के बाद सरपंच और वार्ड पंच के लिए नामांकन भरे गए थे। 133 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए कुल 1,190 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र भरे, जो जांच में सही पाए गए। नाम वापसी के समय तक 334 उम्मीदवार मैदान में हट गए। इसके बाद चुनावी मैदान में 856 उम्मीदवार ही बचे। इन पंचायत समितियों में इतने उम्मीदवार जिला निर्वाचन शाखा से जारी रिपोर्ट के मुताबिक सरपंच पद के लिए कोटखावदा की 27 ग्राम पंचायतों में 174 अभ्यर्थी, चाकसू की 32 ग्राम पंचायतों में 211, माधोराजपुरा की 25 ग्राम पंचायतों में 167 अभ्यर्थी, फागी की 26 ग्राम पंचायतों में 154 और सांगानेर की 23 ग्राम पंचायतों में 150 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। 442 पोलिंग बूथ बनाए वार्ड पंच और सरपंच की वोटिंग के लिए 442 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। इन बूथों पर 3 नवंबर को पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य के लिए वोटिंग हुई थी। चुनाव में 3 लाख 74 हजार 816 वोटर्स वोट करेंगे। इसमें 1 लाख 93 हजार 206 पुरुष, 1 लाख 81 हजार 609 महिला और 1 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।