राजस्थान में पंचायत चुनाव के तीसरे चरण की वोटिंग कल होगी। जयपुर जिले में 5 पंचायत समितियों में वोटिंग के लिए आज पोलिंग पार्टियां रवाना हो गई हैं। इन पंचायत समितियों के अलावा जिला परिषद के 11 वार्डो में भी वोटिंग करवाई जाएगी। इन चुनावों में कुल 264 उम्मीदवार मैदान में है। वोटिंग सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगी। आज भवानी निकेतन परिसर स्थित फार्मेसी कॉलेज से जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक के निर्देशन में पोलिंग पार्टियां रवाना की गई। ये पाेलिंग पार्टियां इन सभी 5 पंचायत समितियों के वार्डो में कल वोटिंग करवाएंगी। वोटिंग के बाद चुनाव ईवीएम मशीनें देर रात तक जयपुर में भवानी निकेतन परिसर लाई जाएगी। जहां 20 नवंबर को इन वोटों की गणना करके रिजल्ट जारी किया जाएगा। इन 5 पंचायत समितियों में कल चुनाव पंचायत समिति चाकसू, कोटखावदा, माधोराजपुरा, फागी और सांगानेर में 3 नवंबर को वोटिंग होगी। जबकि इन्ही पंचायत समिति क्षेत्रों में आ रहे जिला परिषद वार्ड संख्या 27 से 37 में भी वोटिंग करवाई जाएगी।