राजधानी में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के चलते दो अलग-अलग सड़क हादसे सामने आए। गोपालपुरा से ओटीएस को जोड़ने वाली पुलिया पर बच्चों से भरे वाहन और स्विफ्ट कार के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। वहीं, जवाहर नगर इलाके में दो तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आपस में टकरा गईं। दोनों हादसों में लोग घायल हो गए। गनीमत रही कि पहले हादसे में बच्चों को गंभीर चोट नहीं आई। बच्चों से भरे वाहन और स्विफ्ट कार में भिड़ंत पहला हादसा गोपालपुरा से ओटीएस को जोड़ने वाली पुलिया पर हुआ। यहां गुरु कृपा कोचिंग के बच्चों से भरे वाहन और एक स्विफ्ट कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद पुलिया पर जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका। राहत की बात रही कि वाहन में सवार किसी भी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई। दो स्कॉर्पियो की भिड़ंत, रोड लाइट का पोल टूटा दूसरा हादसा जवाहर नगर इलाके में पुलिया नंबर एक स्थित शंकर मिष्ठान भंडार के पास सोमवार रात करीब 11:30 बजे हुआ। यहां दो तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आपस में भिड़ गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सड़क किनारे लगा रोड लाइट का पोल भी टूट गया। हादसे में दोनों वाहनों के ड्राइवर सहित 3 से 4 लोग घायल हो गए। एक स्कॉर्पियो का रजिस्ट्रेशन नंबर RJ 14 UK 5593 बताया गया है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को पास के निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कुछ घायलों को एसएमएस अस्पताल रेफर कर दिया गया। तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह जवाहर नगर थानाधिकारी सरला यादव ने बताया कि रात करीब 11:30 बजे हादसे की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार से वाहन चलाना हादसे की वजह सामने आया है। एक स्कॉर्पियो टूटी पुलिया की तरफ से तेज गति से आ रही थी, जबकि दूसरी अगले तिराहे से निकल रही थी। इसी दौरान दोनों की भिड़ंत हो गई। पुलिस ने हादसे में क्षतिग्रस्त दोनों स्कॉर्पियो को जब्त कर थाने में खड़ा करवाया है। फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।