जयपुर में ट्रैफिक पुलिस ने दिवाली के मौके पर 7 दिन तक सिंधी कैंप बस स्टैंड से रोडवेज बसें नहीं चलाने का आदेश वापस ले लिया है। रोडवेज प्रशासन ने इसका विरोध किया तो ट्रैफिक पुलिस ने कहा- यह केवल एडवाइजरी थी, कोई आदेश नहीं था। ट्रैफिक डीसीपी प्रवीण नायक ने कहा- त्योहार के मौके पर सिंधी कैंप की जगह अन्य कुछ जगहों से बसों के संचालन का सुझाव दिया था, ताकि शहर में ट्रैफिक का लोड कम हो सकेगा। उन्होंने कहा- रोडवेज या प्राइवेट बसों की सिंधी कैंप या शहर के अन्य इलाकों में एंट्री बंद नहीं की गई है। बसें सामान्य दिनों की तरह ही संचालित होंगी। दरअसल, ट्रैफिक पुलिस ने 3 से 9 नवंबर तक सिंधी कैंप में रोडवेज बसों की एंट्री बंद करने का आदेश जारी किया था। ट्रैफिक पुलिस का कहना था कि दिवाली के समय जयपुर में ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए ये फैसला लिया गया है। अलग-अलग रूट की इन बसों के लिए वैकल्पिक बस स्टैंड तय किए गए हैं। इससे पहले प्राइवेट बसों की सिंधी कैंप में एंट्री पर रोक लगाई गई थी। हालांकि अब विरोध के बाद ट्रैफिक पुलिस ने आदेश नहीं, एडवाइजरी जारी करने की बात कही है। रोजाना 1 लाख से ज्यादा यात्री करते हैं सफर सिंधी कैंप से रोजाना एक लाख से अधिक यात्री यात्रा करते हैं। जबकि दिवाली पर यात्रियों की संख्या बढ़कर 2 लाख से ज्यादा हो जाती है, ऐसे में दूसरी जगह से बसें चलाने पर परेशानी हो सकती थी। वहीं, टिकट काउंटर नहीं लगने और यात्री बढ़ने का सही अनुमान लगाना मुश्किल होता, जिससे स्पेशल बसें चलाने में भी परेशानी होती। दिल्ली-आगरा और भरतपुर रूट पर ज्यादा बसें दिल्ली रूट पर रोजाना करीब 250 और सीकर रूट पर 330 से ज्यादा बसों का संचालन होता है। भरतपुर-धौलपुर रूट पर 200 से ज्यादा और कोटा-बूंदी रूट पर 150 से 160 बसें चलती हैं। इसके अलावा दूसरे राज्यों से आने वाली 200 से ज्यादा बसें भी शामिल हैं। इनमें हरियाणा रोडवेज की 140 से ज्यादा, उत्तर प्रदेश रोडवेज की 50 से 60 और पंजाब रोडवेज की करीब 10 बसें है। 200 से ज्यादा स्पेशल बसें चलाने की थी तैयारी दिल्ली, आगरा और भरतपुर रूट पर यात्रियों की संख्या ज्यादा होने के कारण इन रूट पर अधिक बसें लगाई जाती हैं। दिवाली पर यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ ही अतिरिक्त बसें चलाने की भी तैयारी थी। 200 से ज्यादा स्पेशल बसें शुरू करने की योजना बनाई गई थी। 9 दिन रात 12.30 बजे तक चलेगी मेट्रो दीपावली पर जयपुर के बाजारों में खरीदारी और रोशनी की सजावट देखने के लिए आने वाली भीड़ को देखते हुए जयपुर मेट्रो प्रशासन ने 9 दिन (3 नवंबर से 11 नवंबर तक) मेट्रो की टाइमिंग और फेरों की संख्या बढ़ाई है। मेट्रो प्रशासन ने लोगों की सुविधा के लिए मानसरोवर और बड़ी चौपड़ मेट्रो स्टेशन से आखिरी मेट्रो रात 12:30 बजे तक संचालित करने की विशेष व्यवस्था की है। साथ ही मेट्रो के प्रतिदिन फेरों की संख्या 202 से बढ़ाकर 214 कर दी है। मेट्रो का सुबह का समय 5.20 बजे से ही रहेगा। पूरी खबर पढ़ें दिवाली पर परकोटा में शाम को बंद रहेगा ट्रैफिक दिवाली पर बाजारों में खरीदारी और रोशनी देखने आने वालों की भीड़ देखते हुए जयपुर ट्रैफिक पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है। परकोटा क्षेत्र में कई रास्तों पर 6 से 9 नवंबर तक शाम 6 बजे से ट्रैफिक बंद रहेगा। वहीं 8 जगह नो-व्हीकल जोन बनाए गए हैं। वहीं शहर के प्रमुख बाजारों की सड़कों पर पार्किंग नहीं होगी। सीकर रोड, अजमेर रोड और मानसरोवर की तरफ से आने वालों को भी नजदीकी मेट्रो पार्किंग में गाड़ी खड़ी कर मेट्रो से आने की सलाह दी है। वहीं राजापार्क, मालवीय नगर में गौरव टावर, वैशाली नगर और मानसरोवर में भी ट्रैफिक व्यवस्था बदलेगी। पूरी खबर पढ़ें