दीपावली से पहले जयपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम ने गुरुवार को स्वच्छता मैराथन 2.0 का आयोजन किया। सुबह 7 बजे शहर के सभी 150 वार्डों में एक साथ विशेष सफाई अभियान शुरू हुआ। इसमें नगर निगम के करीब 9 हजार अधिकारी और कर्मचारी मैदान में उतरे। अभियान के दौरान शहर के विभिन्न इलाकों से लंबे समय से जमा कचरा, मलबा और गंदगी हटाई गई। नगर निगम के अनुसार, इस विशेष अभियान में 7 टन से अधिक कचरा एकत्र किया गया। नगर निगम कमिश्नर ओम कसेरा ने सुबह 7 बजे अभियान की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने शहर के अलग-अलग इलाकों में पहुंचकर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया और कर्मचारियों की हौसला अफजाई की। दीपावली से पहले शहर की सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों को साफ करने के लिए निगम ने इस बार बड़े स्तर पर संसाधन लगाए। अभियान में 117 डंपर ट्रक, 177 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां, 102 जेसीबी और अन्य सफाई संसाधनों के साथ 102 यूनिट्स को लगाया गया। इन संसाधनों की मदद से कचरा उठाने के साथ ही उन स्थानों पर भी सफाई की गई, जहां लंबे समय से गंदगी और मलबा जमा था। नगर निगम का दावा है कि इस अभियान ने सफाई के पुराने रिकॉर्ड को तोड़ते हुए बड़ी मात्रा में कचरा हटाया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर दीपोत्सव से पहले विशेष अभियान नगर निगम कमिश्नर ओम कसेरा ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद दीपोत्सव से पहले शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए विशेष मुहिम शुरू की गई थी। इसी के तहत गुरुवार को स्वच्छता मैराथन 2.0 आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल रोजाना की सफाई करना नहीं, बल्कि शहर के उन स्थानों को भी साफ करना है, जहां लंबे समय से कचरा और मलबा जमा था। ऐसे स्थानों पर विशेष ध्यान दिया गया, ताकि दीपावली के दौरान शहरवासियों को साफ-सुथरा वातावरण मिल सके। अभियान में कचरा उठाने के साथ ही मलबे को हटाने और सार्वजनिक स्थानों की सफाई पर भी फोकस किया गया। नगर निगम की टीमें अलग-अलग वार्डों में पहुंचकर सफाई कार्य में जुटीं। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद रहकर अभियान की निगरानी की और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। 150 वार्डों में एक साथ सफाई, देर रात तक चलेगा अभियान स्वच्छता मैराथन 2.0 के तहत शहर के सभी 150 वार्डों में एक साथ सफाई अभियान चलाया गया। करीब 9 हजार अधिकारी-कर्मचारियों की तैनाती से नगर निगम ने बड़े स्तर पर सफाई कार्य शुरू किया। अभियान में उन इलाकों को प्राथमिकता दी गई, जहां नियमित सफाई के बावजूद कचरा जमा होने की समस्या बनी हुई थी। इसके अलावा सड़क किनारे पड़े मलबे और लंबे समय से साफ नहीं हो पाए स्थानों को भी अभियान में शामिल किया गया। नगर निगम का यह अभियान देर रात तक जारी रहेगा। निगम की टीमें शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में सफाई कार्य करेंगी, ताकि दीपावली से पहले अधिक से अधिक स्थानों को साफ किया जा सके। एडिशनल कमिश्नर बंसल कर रहे मॉनिटरिंग नगर निगम के एडिशनल कमिश्नर नरेंद्र कुमार बंसल पूरे अभियान की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। वे निगम अधिकारियों के साथ लगातार फील्ड में दौरा कर सफाई कार्य का जायजा ले रहे हैं। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों को मौके पर आवश्यक निर्देश भी दिए जा रहे हैं। एडिशनल कमिश्नर ने बताया कि नगर निगम का प्रयास है कि दीपावली से पहले शहर के प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक स्थानों और वार्डों में सफाई व्यवस्था बेहतर हो। विशेष अभियान के जरिए लंबे समय से जमा कचरे और मलबे को हटाकर शहर को साफ और सुंदर बनाने की कोशिश की जा रही है।