जयपुर के तालकटोरा में आठवीं क्लास की 14 साल की स्टूडेंट का शव मिला है। स्टूडेंट क्लास टेस्ट में कम नंबर आने से परेशान थी। रात को मां से बात कर सो गई थी। बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे स्थानीय लोगों को शव दिखा। सूचना पर पहुंची पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम ने शव को बाहर निकाला। माणक चौक थाना प्रभारी राकेश ख्यालिया ने बताया कि सुबह कंट्रोल रूम से तालकटोरा में लड़की का शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब 20 मिनट रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शव बाहर निकाला। सीढ़ियों पर मिली चप्पल-जैकेट पुलिस और स्थानीय लोगों को तालकटोरा की सीढ़ियों पर स्टूडेंट की चप्पल और जैकेट मिली। इनके आधार पर पुलिस ने परिजनों को बुलाया, जिन्होंने शव की पहचान की। रात को मां से बात कर सोने गई थी, सुबह कमरे में नहीं मिली पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि स्टूडेंट आठवीं क्लास में पढ़ती थी और परीक्षा में कम नंबर आने को लेकर पिछले कुछ दिनों से परेशान थी। बताया जा रहा है कि मृतका ने रात को मां से बातचीत की थी और इसके बाद सोने चली गई थी। सुबह करीब 4 बजे मां की नींद खुली तो बेटी कमरे में नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। पुलिस को उसके लापता होने की जानकारी भी दी गई। इसी बीच तालकटोरा में शव मिलने की सूचना आई।