स्वर्णनगरी जैसलमेर में नगर परिषद ने शहर के भीतर संचालित हो रही अवैध मीट दुकानों के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। गड़ीसर गेट के बाहर एक अवैध मीट की दुकान को बंद करवाकर सीज किया गया है। नगरपरिषद कमिश्नर पवन कुमार ने बताया- शहर की सुंदरता, स्वच्छता और पर्यटन छवि को ध्यान में रखते हुए नगर परिषद अब मीट कारोबार को व्यवस्थित करने की योजना पर काम कर रही है। इसी के तहत नगर परिषद की टीम ने शिकायतों के आधार पर एक मीट की दुकान पर कार्रवाई करते हुए उसे सीज किया है। शहर में नियम विरूद्ध दुकानों को सीज करने की कार्रवाई उन्होंने बताया कि शहर में नियमों के विपरीत संचालित अन्य मीट दुकानों पर भी कार्रवाई की तैयारी है। हालांकि सीज की गई संबंधित मीट दुकान को लेकर लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं, जिन्हें गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि शहर में किसी भी दुकान का संचालन नियमों के विपरीत नहीं होने दिया जाएगा। जहां भी अनियमितताएं सामने आएंगी, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सब्जी मंडी के पास बनेगा मीट मार्केट नगर परिषद अब शहर में संचालित मीट दुकानों को एक निर्धारित स्थान पर शिफ्ट करने की योजना बना रही है। इसके लिए सब्जी मंडी के पास स्थान चिह्नित कर वहां व्यवस्थित मीट मार्केट विकसित करने की तैयारी है। योजना के अनुसार शहर के अलग-अलग इलाकों में संचालित मीट दुकानों को इस स्थान पर लाकर एक जगह व्यवस्थित किया जाएगा। इससे मीट कारोबार के संचालन पर निगरानी रखने और साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। पर्यटन नगरी की छवि सुधारने की कोशिश जैसलमेर में पर्यटन सीजन के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में शहर की साफ-सफाई और व्यवस्थित बाजार व्यवस्था महत्वपूर्ण हो जाती है। नगरपरिषद कमिश्नर पवन कुमार का मानना है कि मीट दुकानों को निर्धारित स्थान पर शिफ्ट करने से शहर के प्रमुख इलाकों में स्वच्छता और व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी। साथ ही स्थानीय कारोबारियों को भी एक व्यवस्थित बाजार उपलब्ध हो सकेगा। आयुक्त पवन कुमार ने कहा कि शहर में नियमों के विपरीत संचालित मीट दुकानों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं, मीट मार्केट विकसित करने की योजना को आगे बढ़ाया जाएगा।