जैसलमेर में पंचायतीराज चुनाव को लेकर चुनावी हलचल तेज हो गई है। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए मंगलवार को नामांकन के तीसरे दिन प्रत्याशियों ने बड़ी संख्या में नामांकन दाखिल किए। जिला परिषद के 21 वार्डों में 33 प्रत्याशियों ने 39 नामांकन पत्र जमा करवाए। इसके साथ ही अब तक कुल 50 प्रत्याशी 64 नामांकन पत्र दाखिल कर चुके हैं। वहीं, जिले की 10 पंचायत समितियों के 150 वार्डों में अब तक 433 प्रत्याशियों ने 565 नामांकन पत्र जमा करवाए हैं। बुधवार 4 नवंबर को नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन है। ऐसे में अंतिम दिन नामांकन केंद्रों पर प्रत्याशियों की भीड़ बढ़ने की संभावना है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 5 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। इसके बाद 6 नवंबर को दोपहर 3 बजे तक प्रत्याशी अपने नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। मोहनगढ़ में सबसे ज्यादा 70 प्रत्याशियों ने भरे नामांकन पंचायत समितियों में नामांकन के मामले में मोहनगढ़ सबसे आगे है। यहां अब तक 70 प्रत्याशियों ने 99 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। फतेहगढ़ में 65 प्रत्याशियों ने 81, रामगढ़ में 58 ने 74, जैसलमेर में 51 ने 70 और खुहड़ी में 42 प्रत्याशियों ने 60 नामांकन पत्र जमा करवाए हैं। इसी तरह सांकड़ा में 33 प्रत्याशियों ने 45, राजमथाई में 36 ने 40, रामदेवरा में 29 ने 38, नाचना में 25 ने 30 और भणियाणा में 24 प्रत्याशियों ने 28 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। बुधवार को नामांकन का आखिरी दिन होने से सभी पंचायत समितियों में नामांकन की संख्या बढ़ने की संभावना है।