जैसलमेर शहर में घरेलू गैस सिलेंडरों का दुकानों और अन्य व्यावसायिक कामों में इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ रसद विभाग ने कार्रवाई की है। कलेक्टर के निर्देश पर जिला रसद अधिकारी सवाई राम सुथार के नेतृत्व में विभाग की टीम ने मंगलवार को शहर के अलग-अलग व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान तीन दुकानों पर घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक इस्तेमाल होता मिला। टीम ने यहां से कुल 6 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए। जिला रसद अधिकारी सवाई राम सुथार ने बताया - घरेलू गैस सिलेंडर आम लोगों के घरों में खाना बनाने के लिए दिए जाते हैं। इनका दुकानों, होटलों या अन्य व्यावसायिक कामों में इस्तेमाल करना नियमों के खिलाफ है। तीनों प्रतिष्ठानों के खिलाफ दर्ज किए मामले विभाग ने तीनों प्रतिष्ठानों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक इस्तेमाल करने के साथ उनकी कालाबाजारी करना भी गंभीर मामला है। ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान जिला रसद अधिकारी सवाई राम सुथार, प्रवर्तन निरीक्षक गोकूल चंद मीना और विभागीय टीम के सदस्य मौजूद रहे। टीम ने शहर के अलग-अलग व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर गैस सिलेंडरों के इस्तेमाल की जांच की। दुकानों और होटलों में आगे भी होगी जांच रसद विभाग ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक इस्तेमाल और कालाबाजारी रोकने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा। विभाग की टीमें शहर की दुकानों, होटलों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अचानक पहुंचकर जांच करेंगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों और होटल संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।