जैसलमेर में बच्चों और युवाओं को तंबाकू के सेवन से बचाने के लिए जिले में टोबैको फ्री यूथ कैंपेन 4.0 चलाया जाएगा। अभियान के तहत 26 दिसंबर 2026 तक जिले के सभी स्कूलों और ग्राम पंचायतों को तंबाकू मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से दो महीने तक जन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। सीएमएचओ डॉ. मुरलीधर सोनी ने बताया कि अभियान में विभिन्न विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं और स्काउट-गाइड का सहयोग लिया जाएगा। स्कूलों में प्रतियोगिताएं, रैलियां और नुक्कड़ नाटक आयोजित होंगे। साथ ही कोटपा एक्ट 2003 की शत-प्रतिशत पालना सुनिश्चित करवाने के लिए तंबाकू विक्रेताओं और आमजन को भी जागरूक किया जाएगा। सोशल मीडिया पर भी विशेष अभियान चलेगा। बच्चों और युवाओं को तंबाकू के दुष्प्रभावों से बचाना है सीएमएचओ डॉ. मुरलीधर सोनी ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों और युवाओं को तंबाकू के दुष्प्रभावों से बचाना है। इसके लिए चिकित्सा विभाग के कार्मिकों की ओर से विभिन्न विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं और स्काउट-गाइड के सहयोग से स्कूलों और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें वाद-विवाद और निबंध प्रतियोगिताएं, रैलियां, नुक्कड़ नाटक सहित अन्य कार्यक्रम शामिल होंगे। तंबाकू विक्रेताओं और विभिन्न संगठनों को जोड़ेंगे डॉ. सोनी ने बताया कि राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत अभियान को सफल बनाने के लिए सभी स्टेकहोल्डर्स का सहयोग लिया जाएगा। इसमें तंबाकू विक्रेताओं, खाद्य सुरक्षा प्रकोष्ठ, तंबाकू उपयोगकर्ताओं, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों और स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। ग्राम स्तर पर गठित ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समितियों (वीएचएसएनसी) और शहरी क्षेत्रों में गठित समितियों के माध्यम से आमजन को तंबाकू के सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक किया जाएगा। साथ ही लोगों को तंबाकू छोड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। सोशल मीडिया पर भी चलेगा अभियान अभियान के तहत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी विशेष जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इनके माध्यम से तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों और इससे बचाव के उपायों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि 26 दिसंबर तक निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप जिले के स्कूलों और ग्राम पंचायतों को तंबाकू मुक्त घोषित करवाया जा सके।