पंचायतीराज चुनाव में इस बार भाई-बहन की जोड़ी ने एक साथ चुनावी मैदान में उतरकर सियासी हलचल बढ़ा दी है। पूर्व विधायक रूपाराम धनदेव के बेटे और पूर्व जिला परिषद सदस्य हरीश धनदेव ने जिला परिषद के वार्ड संख्या 1 से, जबकि उनकी बहन और पूर्व जिला प्रमुख अंजना मेघवाल ने वार्ड संख्या 5 से नामांकन दाखिल किया। नामांकन के पहले दिन दोनों ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता सरकार से त्रस्त है और इस बार अपने वोट से जवाब देगी। अंजना मेघवाल ने कहा कि ओरण और पानी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर जनता सरकार से दुखी है। भाजपा ने परिसीमन और पुनर्गठन के जरिए निकायों पर कब्जा करने की कोशिश की, लेकिन इस बार जनता करारा जवाब देगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा को हराने के लिए जनता खुद आगे आएगी। पहले दिन 17 प्रत्याशियों ने भरे 26 नामांकन जिले में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत शनिवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। पहले दिन जिला परिषद के 21 निर्वाचन क्षेत्रों में 5 प्रत्याशियों ने कुल 8 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला परिषद की रिटर्निंग अधिकारी अनुपमा जोरवाल के अनुसार वार्ड संख्या 1 और 5 में एक-एक प्रत्याशी ने चार नामांकन पत्र तथा वार्ड संख्या 8 में तीन प्रत्याशियों ने चार नामांकन पत्र दाखिल किए। शेष वार्डों में पहले दिन कोई नामांकन प्राप्त नहीं हुआ। पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए भी पहले दिन तीन समितियों में नामांकन हुए। रिटर्निंग अधिकारियों से मिली सूचना के अनुसार जैसलमेर पंचायत समिति में 6 प्रत्याशियों ने 9, फतेहगढ़ में 6 प्रत्याशियों ने 9 और मोहनगढ़ में 5 प्रत्याशियों ने 8 नामांकन पत्र दाखिल किए। इस तरह तीनों पंचायत समितियों में कुल 17 प्रत्याशियों ने 26 नामांकन पत्र जमा करवाए। शेष पंचायत समितियों में पहले दिन कोई नामांकन नहीं आया। 14 नवंबर को जिला परिषद-पंचायत समिति के लिए मतदान राज्य निर्वाचन आयोग के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार जैसलमेर जिले में पंचायतीराज चुनाव चौथे चरण में होंगे। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए 31 अक्टूबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई है। नामांकन जमा करवाने की अंतिम तारीख 4 नवंबर है। 5 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच और 6 नवंबर को नाम वापसी होगी। इसके बाद 14 नवंबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान होगा। वहीं पंच-सरपंच पदों के लिए 15 नवंबर को नामांकन और 16 नवंबर को मतदान होगा। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना 20 नवंबर को होगी।