जालोर जिले की उम्मेदाबाद क्षेत्र की आलासन ग्राम पंचायत में सरपंच चुनाव की मतगणना में गड़बड़ी के आरोप को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। सरपंच प्रत्याशी प्रकाश कंवर के पति करण सिंह की भूख हड़ताल मंगलवार को चौथे दिन भी जारी रही। वे जालोर कलेक्ट्रेट के सामने धरने पर बैठे हैं। उनके समर्थन में बड़ी संख्या में ग्रामीण भी धरने में शामिल हो रहे हैं। मंगलवार शाम को करणी सेना के जोधपुर संभाग अध्यक्ष मुलसिंह बिसलपुर सहित संगठन के अन्य सदस्य धरना स्थल पर पहुंचे और आंदोलन को समर्थन दिया। करण सिंह का आरोप है कि सरपंच चुनाव में उनकी पत्नी प्रकाश कंवर और रकमा देवी पत्नी जोगसिंह के बीच मुकाबला था। मतगणना के दौरान रात करीब 2 बजे रिटर्निंग अधिकारी (आरओ) ने प्रकाश कंवर को 2 वोट से विजयी घोषित किया था। इसके बाद पुलिस उन्हें घर ले जाने पहुंची, लेकिन इसी दौरान रकमा देवी की ओर से दोबारा मतगणना करवाने की मांग की गई। करण सिंह के अनुसार, दूसरी बार मतगणना में 2 बैलेट कम मिले और रकमा देवी को एक वोट से विजयी घोषित कर दिया गया। उनका कहना है कि चुनाव में कुल 3127 वोट पड़े थे, जबकि दूसरी बार मतगणना में केवल 3125 वोट ही मिले। उन्होंने भाजपा नेता पुखराज वीराना पर बूथ में पहुंचकर मतगणना में गड़बड़ी करने का आरोप भी लगाया है। एजेंट की तबीयत बिगड़ने, जबरन हस्ताक्षर करवाने का आरोप करण सिंह ने आरओ पर उनकी पत्नी प्रकाश कंवर को बूथ में प्रवेश नहीं देने का आरोप लगाया। उनका यह भी कहना है कि उनके चुनाव एजेंट चौपाराम सुथार को पानी तक नहीं पीने दिया गया। दबाव के चलते एजेंट की तबीयत बिगड़ गई और बेहोशी की हालत में उनसे जबरन हस्ताक्षर करवाए गए। करण सिंह पिछले चार दिनों से मतगणना में गड़बड़ी की जांच कराने और न्याय की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे हैं। मंगलवार को करणी सेना के जोधपुर संभाग अध्यक्ष मुलसिंह बिसलपुर ने धरना स्थल पर पहुंचकर उन्हें समर्थन दिया। दोबारा मतगणना नहीं हुई तो चक्काजाम की चेतावनी मुलसिंह बिसलपुर ने कहा - यदि आलासन ग्राम पंचायत में दोबारा मतगणना नहीं कराई गई तो आगामी दिनों में जालोर में चक्काजाम किया जाएगा और बड़ा प्रदर्शन होगा। वहीं, करण सिंह मतगणना में गड़बड़ी के आरोपों की जांच और दोबारा मतगणना कराने की मांग पर अड़े हुए हैं।