जालोर में मेरा युवा भारत, जालोर के तत्वावधान में मंगलवार को राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, गोदन में विकसित भारत युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला युवा अधिकारी हितेश कुमार खत्री के निर्देशन में हुए कार्यक्रम में जालोर-सिरोही सांसद लुम्बाराम चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘अपने मत को जानें रहा। इस दौरान सांसद चौधरी ने युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान, मतदान के अधिकार एवं कर्तव्यों और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के बारे में जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। संवाद के दौरान युवाओं ने विभिन्न सवाल पूछे, जिनका सांसद ने जवाब भी दिया। जिला युवा अधिकारी हितेश कुमार खत्री ने विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद कार्यक्रम की जानकारी देते हुए युवाओं से अधिकाधिक भागीदारी की अपील की। कार्यक्रम में जन प्रतिनिधि, शिक्षाविद् एवं युवा प्रतिनिधि उपस्थित रहे। मंच संचालन दक्ष सुंदेशा ने किया। समापन पर युवाओं को लोकतांत्रिक शपथ दिलाई गई और सक्रिय सहयोग करने वाले स्वयं सेवकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।