जालोर जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सुंधा माता मंदिर में दर्शन के लिए आने वाली महिला श्रद्धालुओं और युवतियों के साथ अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद जसवंतपुरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में सुंधा माता मंदिर की सीढ़ियों पर कुछ युवक महिला श्रद्धालुओं के साथ अभद्र व्यवहार करते और उन्हें परेशान करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में युवक महिलाओं के पीछे दौड़ते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान महिलाएं डरकर चिल्लाती हुई उनसे बचने के लिए भागती नजर आ रही हैं। थानाधिकारी बोलीं- आरोपी को गिरफ्तार किया है जसवंतपुरा थाना प्रभारी डिम्पल कंवर ने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने टीम गठित कर उसमें दिखाई दे रहे युवकों की पहचान शुरू की। वीडियो के आधार पर जसवंतपुरा निवासी नरपत कुमार को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड किए गए संबंधित वीडियो डिलीट करवाए गए हैं। पुलिस युवक से पूछताछ कर उसके साथ शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास कर रही है। पुलिस के अनुसार, यह वीडियो 26 अक्टूबर को पूर्णिमा के अवसर का बताया जा रहा है। इस दिन सुंधा माता मंदिर परिसर में मेला भरता है, जिसमें शामिल होने के लिए गुजरात सहित विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु पहुंचते हैं।