त्योहार के सीजन में ट्रेनों में अतिरिक्त यात्रीभार को देखते हुए रेलवे ने भगत की कोठी-बांद्रा टर्मिनस वीकली स्पेशल ट्रेन के संचालन में चार ट्रिप का विस्तार किया है। इससे नवंबर में भी यात्रियों को मुंबई आवागमन के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा मिलती रहेगी। जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार ट्रेन संख्या 04827 भगत की कोठी-बांद्रा टर्मिनस स्पेशल भगत की कोठी से 7 से 28 नवंबर तक हर शनिवार को सुबह 11.30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 7.25 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी। वहीं गाड़ी संख्या 04828 बांद्रा टर्मिनस-भगत की कोठी स्पेशल 8 से 29 नवंबर तक हर रविवार को सुबह 10.30 बजे बांद्रा टर्मिनस से रवाना होकर अगले दिन सुबह 4.30 बजे भगत की कोठी पहुंचेगी। इन स्टेशनों पर रहेगा ठहराव यह ट्रेन दोनों दिशाओं में लूनी, पाली मारवाड़, मारवाड़ जंक्शन,रानी,फालना, सुमेरपुर, जवाई बांध, पिंडवाड़ा, आबू रोड,पालनपुर,महेसाना,साबरमती बीजी,वडोदरा,भरूच,सूरत,वापी और बोरीवली स्टेशनों पर ठहराव करेगी। जम्मूतवी और भोपाल एक्सप्रेस में बढ़े एक-एक जनरल डिब्बे वहीं, भगत की कोठी-जम्मूतवी और जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस में 1 नवंबर से एक-एक एक्स्ट्रा जनरल कोच लगाया गया है। इससे जनरल कैटेगरी में सफर करने वाले यात्रियों को अधिक जगह मिल सकेगी। जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि ट्रेन संख्या 14803/14804 भगत की कोठी-जम्मूतवी-भगत की कोठी एक्सप्रेस में भगत की कोठी से 1 से 30 नवंबर तक और जम्मूतवी से 2 नवंबर से 1 दिसंबर तक अस्थाई रूप से एक एक्स्ट्रा कोच लगाया जाएगा। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 14813/14814 जोधपुर-भोपाल-जोधपुर में जोधपुर से 1 से 30 नवंबर तक और भोपाल से 2 नवंबर से 1 दिसंबर तक एक एक्स्ट्रा जनरल कोच की अस्थाई बढ़ोतरी की जा रही है। इससे दोनों ट्रेनों में यात्रियों को अतिरिक्त जगह उपलब्ध होगी।