यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा के बेटे और अन्य रिश्तेदार के पंचायत चुनाव में निर्दलीय नामांकन को लेकर खर्रा ने कहा कि चुनाव लड़ना सबका अधिकार है। मंत्री खर्रा कोटा दौरे पर हैं। गुरूवार सुबह उन्होंने सर्किट हाउस में केडीए के अधिकारियों की बैठक ली। इसके बाद मीडिया से बात करते हुए जब उनसे सवाल किया गया कि आपके ही परिवार के सदस्यों ने निर्दलीय नामांकन भरा है। इस पर मंत्री ने जवाब देते हुए कहा कि- देखिए चुनाव लड़ने का सबको अधिकार है। हमने वहां हमारा उम्मीदवार खड़ा किया है और हमारा उम्मीदवार जितेगा। इसके बाद उन्होंने कहा कि- सरकार के अब तक के कार्यकाल में प्रदेश की हर समस्याओं और युवाओं की समस्याओं का समााधान करने का प्रयास हुआ है। इसी का परिणाम है कि निकाय चुनाव में शहरी जनता ने हमे इस अर्धवार्षिक परीक्षा में पहली श्रेणी में पास किया है। वहीं अब पंचायती राज चुनाव हो रहे हैं, ग्रामीण क्षेत्र की जनता भी बीजेपी को इस परीक्षा में पहली श्रेणी में पास करेगी इसमें कोई शक नहीं है। गौरतलब है कि श्रीमाधोपुर पंचायत समिति में यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा के बेटे दुर्गा सिंह खर्रा ने पंचायत समिति सदस्य पद के लिए निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया, उन्होंने वार्ड संख्या 19 से अपनी दावेदारी पेश की है। आगे बात करते हुए मंत्री ने कहा कि पूरे प्रदेश में चार जल समझौते हुए है। राजस्थान कभी मरूस्थल के नाम से विख्यात था लेकिन आने वाले समय में एक एक जमीन जल संसाधन से सिंचित होगी और खेत लहलहाएंगे। किसान और मजदूरों के घर में खुशहाली आएगी जिससे बाजार, प्रदेश में खुशहाली आएगी। अधिकारियों की ली बैठक मंत्री ने केडीए और निगम अधिाकरियों की बैठक ली। मंत्री ने बताया कि समीक्षा बैठक में जो प्रोजेक्ट चल रहे है उन पर चर्चा की गई है। जिन प्रोजेक्ट में कोई समस्या आ रही है उनके समाधान को लेकर बात हुई है। सारे विकास काम समय पर हो और गुणवत्ता पूर्ण हो इसको लेकर निर्देश दिए गए हैं। साथ ही नगर निगम कोटा में डंपिंग यार्ड को खाली करवाकर उस जमीन का उपयोग करने की योजना बनाने के लिए निर्देश दिए है ताकि इससे निगम को आय का साधन बन सके। निगम और केडीए दोनों में जितनी योजनाएं है जितने काम है, सबको ऑनलाइन करने के बारे में निर्देश दिए है। इनकी जहां भी संपत्तियां है उनका चिन्हीकरण कर ऑनलाइन रिकोर्ड दर्ज करने और कहीं कोई जमीन अतिक्रमण में है तो उसक अतिक्रमण मुक्त करवाने और आय बढाने को लेकर कहा है। साथ ही नई योजनाएं बनाने के लिए कहा गया है। केडीए के सभी काम ऑनलाइन किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कोटा में अभी दो कचरा निस्तारण केन्द्र चालू है, बाकि दो किसी कारण से नहीं चालू हुए उनको लेकर भी निर्देश दिए है कि उन्हें भी जल्द चालू करवाए जाएं।