यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने बेटे और रिश्तेदार के पंचायत चुनाव में निर्दलीय नामांकन को लेकर कहा कि चुनाव लड़ना सबका अधिकार है। कोटा में गुरुवार को खर्रा ने कहा- चुनाव लड़ने का सबको अधिकार है। हमने वहां हमारा उम्मीदवार खड़ा किया है और हमारा उम्मीदवार जितेगा। उन्होंने कोटा के सर्किट हाउस में केडीए के अधिकारियों की बैठक ली। दरअसल सीकर की श्रीमाधोपुर पंचायत समिति में यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा के बेटे दुर्गा सिंह खर्रा ने पंचायत समिति सदस्य पद के लिए निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। दुर्गा सिंह खर्रा ने वार्ड संख्या 19 से अपनी दावेदारी पेश की है। इसके बाद उन्होंने कहा कि- सरकार के अब तक के कार्यकाल में प्रदेश और युवाओं की समस्याओं का समााधान करने का प्रयास हुआ है। इसी का परिणाम है कि निकाय चुनाव में शहरी जनता ने हमे इस अर्धवार्षिक परीक्षा में पहली श्रेणी में पास किया है। भाजपा पहली श्रेणी से पास होगी उन्होंने कहा- ग्रामीण क्षेत्र की जनता भी बीजेपी को इस परीक्षा में पहली श्रेणी में पास करेगी इसमें कोई शक नहीं है। मंत्री ने कहा कि पूरे प्रदेश में चार जल समझौते हुए है। राजस्थान कभी मरूस्थल के नाम से विख्यात था लेकिन आने वाले समय में एक एक जमीन जल संसाधन से सिंचित होगी और खेत लहलहाएंगे। किसान और मजदूरों के घर में खुशहाली आएगी जिससे बाजार, प्रदेश में खुशहाली आएगी। अधिकारियों की ली बैठक यूडीएच मंत्री ने केडीए (कोटा डेवलपमंट अथॉरिटी) और निगम अधिाकरियों की बैठक ली। मंत्री ने बताया कि समीक्षा बैठक में जो प्रोजेक्ट चल रहे है उन पर चर्चा की गई है। जिन प्रोजेक्ट में कोई समस्या आ रही है उनके समाधान को लेकर बात हुई है। सारे विकास काम समय पर हो और गुणवत्ता पूर्ण हो इसको लेकर निर्देश दिए गए हैं। निगम की योजनाएं ऑनलाइन करने के आदेश दिए साथ ही नगर निगम कोटा में डंपिंग यार्ड को खाली करवाकर उस जमीन का उपयोग करने की योजना बनाने के लिए निर्देश दिए है ताकि इससे निगम को आय का साधन बन सके। निगम और केडीए दोनों में जितनी योजनाएं है जितने काम है, सबको ऑनलाइन करने के बारे में निर्देश दिए है।