झालावाड़ के ग्राम पाटलिया कुल्मी निवासी अजय सेन ने कर्नाटक के मैसूर में आयोजित राष्ट्रीय शिविर में भाग लिया। शिविर में उन्होंने देशभर से आए युवाओं के साथ संवाद किया। माय भारत युवा स्वयंसेवक अजय सेन ने बताया कि जिला युवा अधिकारी दिनेश जांगिड़, लेखा एवं पर्यवेक्षक हरिवल्लभ रैगर और एमटीएस विनोद कुमार के मार्गदर्शन में उन्हें शिविर में शामिल होने का अवसर मिला। यह शिविर विकसित भारत-2047 और वंदे मातरम् कार्यक्रम के तहत आयोजित किया गया था। मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में हुए शिविर में अलग-अलग राज्यों के युवाओं ने हिस्सा लिया। अजय सेन ने उनके साथ संवाद किया और विभिन्न राज्यों की संस्कृति, परंपराओं, विचारों और अनुभवों को जाना। शिविर का उद्देश्य युवाओं को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ना और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी को बढ़ावा देना था। इसमें युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने, नए विचार जानने और देश की विविधता समझने का अवसर मिला। पाटलिया कुल्मी से राष्ट्रीय शिविर में शामिल हुए अजय सेन की सहभागिता पर क्षेत्र के लोगों ने खुशी जताई।