झालावाड़ में 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 1 नवंबर से 10 रुपए बढ़ गई है। अब इसकी कीमत 2,918.50 रुपए हो गई है। तेल कंपनियों ने लगातार दूसरे महीने दाम बढ़ाए हैं। इससे चाय-नाश्ते की दुकानों, ढाबों और खाने-पीने की चीजों के ठेले चलाने वालों का खर्च बढ़ेगा। यह बढ़ोतरी पंचायत चुनाव के माहौल और दीपावली से करीब 5 दिन पहले हुई है। त्योहार के सीजन में कारोबार बढ़ने की उम्मीद कर रहे छोटे दुकानदारों को अब गैस के लिए ज्यादा पैसे देने होंगे। 2 महीने में कमर्शियल सिलेंडर कुल 73.50 रुपए महंगा हुआ गैस एजेंसी के मुताबिक, सितंबर में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 2,845.50 रुपए थी। 1 अक्टूबर को तेल कंपनियों ने इसमें 63.50 रुपए बढ़ाए और कीमत 2,908.50 रुपए हो गई। 1 नवंबर को फिर 10 रुपए बढ़ाए गए। इस तरह 2 महीने में कमर्शियल सिलेंडर कुल 73.50 रुपए महंगा हुआ है। गैस पर निर्भर छोटे कारोबारियों के खर्च पर इसका सीधा असर पड़ेगा। चाय की दुकान, नाश्ते का ठेला और छोटे ढाबे चलाने वालों का मुनाफा घट सकता है। अस्पताल के सामने चाय की छोटी दुकान चलाने वाले मोहन प्रजापत ने कहा कि कमर्शियल सिलेंडर लगातार महंगा होने से छोटे दुकानदारों पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। कारोबार छोटा होने के कारण बढ़ा खर्च सीधे कमाई पर असर डालता है। घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में बदलाव नहीं एक ओर कमर्शियल सिलेंडर महंगा हुआ है, वहीं घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में तेल कंपनियों ने कोई बदलाव नहीं किया है। इससे घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली है। झालावाड़ इंडियन गैस एजेंसी के प्रतिनिधि हेमंत कुमार ने बताया कि कमर्शियल सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमत 1 नवंबर से लागू हो गई है।