झालावाड़ में जिला कांग्रेस ने वोट चोरी के आरोपों को लेकर रविवार को प्रदर्शन किया। गांधी भवन स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय के बाहर कांग्रेस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की और उनके इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया में कथित वोट चोरी का मुद्दा उठाया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाताओं के वोट की सुरक्षा और निष्पक्ष चुनाव कराना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोपों की गंभीरता से जांच की मांग की। कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि चुनाव आयोग जैसे संवैधानिक संस्थान की निष्पक्षता लोकतंत्र के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठने पर निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जवाबदेही तय की जानी चाहिए। प्रदर्शन में कांग्रेस ने राष्ट्रपति से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से बर्खास्त करने की मांग भी की। नेताओं ने कहा कि वोट की ताकत लोकतंत्र का आधार है और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा जरूरी है। प्रदर्शन में सेवादल अध्यक्ष डॉ. नन्द सिंह राठौड़, ओम पाठक, अब्दुल नफीस शेख, पार्षद हसन राजा, वाजिद भाई, ललित सुमन, गणेश सोनी, लालचन्द रेगर, सत्यनारायण सुमन, भगवती प्रकाश मेहर, जावेद चौधरी, पृथ्वीराज और फिरोज चौधरी मौजूद रहे। जिला कांग्रेस के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी शामिल हुए।