दीपावली पर मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग ने झालावाड़ और झालरापाटन में आधा दर्जन प्रतिष्ठानों की जांच की। बुधवार को दल ने 9 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। इन्हें जांच के लिए खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्रयोगशाला, कोटा भेजा गया है। अभिहित अधिकारी (खाद्य सुरक्षा) एवं सीएमएचओ डॉ. साजिद खान ने बताया कि आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान अविचल चतुर्वेदी और जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ के निर्देश पर ‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान चलाया जा रहा है। दल ने दूध बर्फी, हीरामणि, मलाई बर्फी, राजभोग, काजू कतली, नुक्ती के लड्डू, सोनपापड़ी, मावा बर्फी और नमकीन के नमूने लिए। प्रयोगशाला में इनकी गुणवत्ता और शुद्धता की जांच होगी। रिपोर्ट आने के बाद नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा दल ने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन प्रमुख जगह पर लगाने, कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र बनवाने और साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए। मिठाइयों में तय मानकों के अनुसार खाद्य रंग इस्तेमाल करने, एक ही तेल को बार-बार गर्म न करने और खाद्य पदार्थ ढककर रखने को भी कहा। त्योहारी सीजन में बाहर से आने वाले मिलावटी खाद्य पदार्थों को रोकने के लिए जिले की सीमाओं पर भी निगरानी रखी जा रही है। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी जीएस गुर्जर, भूराराम गोदारा, आशीष सिंह कुशवाहा, सुनील कुमार, प्रवीण कुमार, जगदीश चंद्र नागर और अमर सिंह बेरवा सहित टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।