झालावाड़ के मिश्रौली में खाद्य सुरक्षा दल ने पूजा डेयरी से करीब 3,000 किलो मावा सीज किया। प्रथम दृष्टया खराब मिले 50 किलो मिठाई और 25 किलो पनीर के नमूने लेने के बाद उन्हें मौके पर नष्ट कराया गया। सीएमएचओ डॉ. मोहम्मद साजिद ने बताया कि पुलिस थाना गरोठ ने पुलिस थाना मिश्रौली को पूजा डेयरी से घटिया गुणवत्ता का पनीर सप्लाई होने की सूचना दी थी। मिश्रौली के थानाधिकारी ने इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक झालावाड़ को दी। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना दी। इसके बाद खाद्य सुरक्षा दल और पुलिस थाना मिश्रौली की संयुक्त टीम ने डेयरी का निरीक्षण किया। कोल्ड स्टोरेज में करीब 3,000 किलो मावा मिला। मिलावट का संदेह होने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत उसका नमूना लिया गया। पूरा मावा सीज कर कारोबारी की सुरक्षित अभिरक्षा में रखवाया गया। मिठाई और पनीर के नमूने भी लिए गए। खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए खाद्य सुरक्षा मानक प्रयोगशाला, कोटा भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई करने वाली टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी जी.एस. गुर्जर, भूराराम गोदारा, आशीष सिंह कुशवाहा, जगदीश चंद्र नागर और अमर सिंह बैरवा शामिल थे।