झालावाड़ जिले में युवाओं को तंबाकू सेवन से दूर रखने और आमजन को इसके दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करने के लिए 60 दिवसीय टोबेको फ्री यूथ कैम्पेन 4.0 शुरू किया गया है। अभियान 28 अक्टूबर से 26 दिसंबर 2026 तक चलेगा। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार देशभर में यह अभियान चला रहा है। इसके तहत झालावाड़ जिले में तंबाकू नियंत्रण से जुड़ी गतिविधियां होंगी। अभियान की तैयारी के लिए जिला और ब्लॉक स्तर की टीमों का ऑनलाइन प्रशिक्षण हुआ। निदेशक जन स्वास्थ्य की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए हुई बैठक में कार्ययोजना और रोज होने वाली गतिविधियों पर चर्चा की गई। युवाओं को किया जाएगा जागरूक उपमुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (स्वास्थ्य) डॉ. लेखराज मालव ने बताया कि अभियान के लिए 6 रणनीतियां तय की हैं। इनमें तंबाकू उत्पादों के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूकता, तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान गाइडलाइन का पालन और तंबाकू मुक्त गांवों को प्रोत्साहित करना शामिल है। सीएमएचओ डॉ. साजिद खान ने बताया कि अभियान के जरिए युवाओं और आमजन को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों की जानकारी दी जाएगी। उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।