साइबर ठगी में करीब 13 लाख रुपए गंवाने के बाद परेशान चल रही झालावाड़ की 56 वर्षीय महिला की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। सुभाष कॉलोनी निवासी मधुबाला ठाकुर ने बीती रात अज्ञात जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। परिजन उन्हें झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि अज्ञात व्यक्ति ने फोन-पे, व्हाट्सएप और ई-मित्र के जरिए उनसे करीब 13 लाख रुपए ठग लिए थे। हालांकि, पुलिस ने अभी साइबर ठगी और महिला की मौत के बीच किसी संबंध की पुष्टि नहीं की है। बेटी ने कोतवाली थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट कोतवाली पुलिस के अनुसार, मृतका मधुबाला ठाकुर (56), पत्नी रविन्द्र ठाकुर की बेटी कल्पना ठाकुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि बीती रात करीब 7 से 8 बजे उनकी मां ने किसी अज्ञात जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। इसकी जानकारी मिलने पर उनके भाई कुलदीप और भाभी ज्योति मधुबाला को झालावाड़ अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मोबाइल की हिस्ट्री खंगाली तो सामने आए 13 लाख रुपए के लेनदेन कल्पना ठाकुर के अनुसार, उनकी मां पिछले कुछ दिनों से गुमसुम और परेशान थीं। घटना के बाद मोबाइल फोन की व्हाट्सएप हिस्ट्री और अन्य जानकारियां देखने पर फोन-पे, व्हाट्सएप और ई-मित्र के जरिए अज्ञात व्यक्ति के नंबर पर करीब 13 लाख रुपए भेजे जाने की जानकारी मिली। परिजनों का कहना है कि मोबाइल में इस मामले से जुड़ी चैट भी मौजूद है। बेटी ने आरोप लगाया कि उनकी मां को साइबर ठगी में फंसाकर रकम ली गई थी और इसी वजह से वह पिछले कुछ दिनों से परेशान थीं। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव अस्पताल चौकी पुलिस ने महिला का शव मोर्चरी में रखवाकर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की रिपोर्ट के आधार पर जांच कर रही है। कोतवाली थाना प्रभारी मुकेश मीणा ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट पर संदिग्ध अवस्था में मौत का मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही कथित साइबर ठगी और महिला की मौत से जुड़े तथ्य सामने आएंगे।