अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीरों की चार साल की सेवा अवधि के बाद अब 75 प्रतिशत अग्निवीरों को दो साल की अतिरिक्त सेवा का अवसर देने के फैसले को लेकर झुंझुनूं के युवाओं में खुशी है। पढ़ें, क्या हुए बदलाव बोले- शेखावाटी सैनिकों की धरती खेतड़ी निवासी हंसराज ने बताया कि झुंझुनूं जिले के लिए इस फैसले का विशेष महत्व है। शेखावाटी क्षेत्र को सैनिकों की धरती के रूप में पहचान मिली हुई है। यहां बड़ी संख्या में युवा सेना में भर्ती होने के लिए तैयारी करते हैं। गांवों में सुबह-शाम मैदानों और दौड़ ट्रैक पर युवाओं की मेहनत देखी जा सकती है। ऐसे में सेवा अवधि बढ़ने और आगे नियमित सेवा का अवसर मिलने की खबर से भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं में भी उत्साह है। पूर्व सैनिकों ने बताया सकारात्मक फैसला रिटायर्ड हवलदार अनिल कुमार ने बताया कि सेना में सेवा का अवसर केवल रोजगार नहीं, बल्कि देशसेवा और अनुशासन से जुड़ा विषय है। सेवा अवधि में दो साल की बढ़ोतरी से अग्निवीरों को सैन्य जीवन का अधिक अनुभव मिलेगा। साथ ही उन्हें अपने कौशल और कार्यक्षमता को बेहतर ढंग से साबित करने का अतिरिक्त समय भी मिलेगा। पूर्व सैनिकों ने सरकार से फैसले के प्रभावी क्रियान्वयन की उम्मीद जताई।