दीपावली से पहले झुंझुनूं सीएमएचओ की टीम ने जिलेभर में कार्रवाई की। डूंडलोद में करीब 50 किलो बदबूदार मावा और मिठाई मिली, जबकि झुंझुनूं शहर में ड्राई फ्रूट्स सहित अन्य खाद्य उत्पादों सहित बड़ी मात्रा में एक्सपायरी सामग्री बरामद हुई। दोनों जगह अनुपयोगी खाद्य सामग्री को नष्ट करवाया गया। संदिग्ध फूड सैंपल्स के नमूने लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने डूंडलोद स्थित एक प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया तो वहां करीब 50 किलो मावा और मिठाई बदबूदार हालत में मिली। इसे मौके पर ही नष्ट करवा दिया। यहीं तैयार किए जा रहे पेड़ों के नमूने भी लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा है। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई और खाद्य सामग्री के रखरखाव में भी कमियां सामने आईं। इस पर संचालक को नोटिस जारी कर कमियां दूर करने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। झुंझुनूं में ड्राई फ्रूट्स अन्य सामग्री एक्सपायरी मिली झुंझुनूं शहर के एक अन्य प्रतिष्ठान पर भी टीम ने जांच की। यहां बड़ी मात्रा में एक्यपायरी खाद्य सामग्री मिली। इसमें करीब 10 किलो ड्राई फ्रूट्स, 15 किलो देसी खांड, 10 लीटर ऑरेंज क्रश और 10 लीटर फ्रूट पाउडर शामिल हैं। टीम ने कुल 45 किलो ठोस खाद्य सामग्री और 20 लीटर तरल उत्पाद मौके पर ही नष्ट करवा दिए। सीएमएचओ बोले- फूड प्रोडक्ट का लेबल देखकर ही खरीदें सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने ग्राहकों से बाजार में खाद्य सामग्री खरीदते समय सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पैक्ड उत्पाद लेते समय केवल ब्रांड या कीमत देखकर खरीदारी नहीं करें, बल्कि उसके लेबल पर दी गई जानकारी भी पढ़ें। टीम में ये अधिकारी रहे शामिल यह कार्रवाई सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों डॉ. दीपेंद्र सिंह शेखावत और डॉ. विकास शर्मा के नेतृत्व में की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. शेखावत ने बताया कि अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण जारी रहेगा।