सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शनिवार को झुंझुनूं में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से रन फोर यूनिटी का आयोजन किया गया। इसमें युवाओं, अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लेकर देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत राजकीय जेपी जानू उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर से हुई। जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने हरी झंडी दिखाकर रन फोर यूनिटी को रवाना किया। हाथों में तिरंगा और देश की एकता का संकल्प लेकर दौड़ में शामिल प्रतिभागी निर्धारित मार्ग से होते हुए शहीद स्मारक पहुंचे। यहां राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया गया। राष्ट्रीय एकता एवं सद्भावना की शपथ भी दिलाई इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और युवाओं को राष्ट्रीय एकता एवं सद्भावना की शपथ भी दिलाई गई। जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने कहा- सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की रियासतों का एकीकरण कर राष्ट्रीय एकता की मजबूत नींव रखी थी। उनका जीवन और कार्य देश की अखंडता के प्रति समर्पण की प्रेरणा देते हैं। प्रत्येक नागरिक को उनके आदर्शों को अपनाते हुए देश की एकता और अखंडता बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। रन फोर यूनिटी से युवाओं को जागरूक माय भारत की अधिकारी मधु यादव ने कहा- रन फोर यूनिटी जैसे आयोजन युवाओं को राष्ट्र की एकता और सामाजिक सद्भाव के प्रति जागरूक करते हैं। इससे युवाओं में राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है। कार्यक्रम में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी परशुराम धानक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।