जोधपुर के बासनी हड्डी मिल क्षेत्र की एक हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री में आज सुबह अचानक से आग लग गई। इस दौरान लोहे का टीन शेड गिर गया। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। फैक्ट्री रहवासीय क्षेत्र के पास चल रही थी। हालांकि फैक्ट्री अवैध रूप से संचालित की जा रही थी या नियमानुसार उसको लेकर अभी नगर निगम की ओर से जांच की जा रही है। चीफ फायर ऑफिसर जयसिंह चौहान ने बताया बासनी के हड्डी मिल, श्रमिक बस्ती के पास बनी एक हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री में आज सुबह अचानक से आग लग गई। इसकी सूचना मिलने के बाद बासनी के अलावा शास्त्रीनगर, चौपासनी, बोरानाडा, मंडोर से गाड़ियां बुलाई गई। करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। जानकारी के मुताबिक हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री जहां बनी हुई है उसके पास आवासीय बस्ती भी है। हालांकि समय रहते आग बुझा दिए जाने से बड़ी जनहानि टल गई। बता दें कि जोधपुर शहर में आवासीय क्षेत्रों में कई जगहों पर धड़ल्ले से फैक्ट्रियां चलाई जा रही है। पूर्व में भी बासनी के गणेश नगर में चल रही अवैध केमिकल फैक्ट्री में आग के बाद हुए ब्लास्ट में कई फायर ब्रिगेड कर्मचारियों की मौत हो गई थी। उसके बावजूद अवैध फैक्ट्रियों पर नगर निगम की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा सकी है।।