जोधपुर के बासनी हड्डी मिल क्षेत्र की एक हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री में आज सुबह अचानक से आग लग गई। इस दौरान लोहे का टीन शेड गिर गया। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। चीफ फायर ऑफिसर जयसिंह चौहान ने बताया कि बासनी के हड्डी मिल, श्रमिक बस्ती के पास बनी एक हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री में आज सुबह अचानक से आग लग गई। इसकी सूचना मिलने के बाद बासनी के अलावा शास्त्रीनगर, चौपासनी, बोरानाडा, मंडोर से गाड़ियां बुलाई गई। करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। जानकारी के मुताबिक हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री जहां बनी हुई है उसके पास आवासीय बस्ती भी है। हालांकि समय रहते आग बुझा दिए जाने से बड़ी जनहानि टल गई। पहले भी बासनी के गणेश नगर में चल रही अवैध केमिकल फैक्ट्री में आग के बाद हुए ब्लास्ट में कई फायर ब्रिगेड कर्मचारियों की मौत हो गई थी।