जोधपुर वेस्ट के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना क्षेत्र में करीब साढ़े चार साल पुराने जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात साल 2022 की है, जब एक शराब पार्टी के दौरान मामूली कहासुनी ने खूनी संघर्ष हो गया था। जानकारी अनुसार- पीड़ित रामनिवास (60) पुत्र नारायण राम निवासी पावटा, जोधपुर ने मामला दर्ज करवाया था। रिपोर्ट में बताया था कि 30 मार्च 2022 की शाम को वह अपने साथियों के साथ डीपीएस चौराहे के पास स्थित होटल ग्रीन विला में एक पार्टी में शामिल होने गए थे। इस पार्टी का आयोजन दुष्यंत सिंह ने किया था, जिसमें कुलवंत सिंह, जितेन्द्र सिंह ओलादन और अन्य लोग मौजूद थे। पार्टी के दौरान शराब के नशे में पीड़ित रामनिवास और जितेन्द्र सिंह ओलादन के बीच किसी बात को लेकर आपसी बहस और कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि जितेन्द्र सिंह के बेटे ने धारदार हथियार से रामनिवास के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। इसके बाद अन्य आरोपियों ने लाठियों और डंडों से उनकी पीठ, पैरों व मुंह पर गंभीर चोटें पहुंचाईं। आरोपियों की दरिंदगी यहीं नहीं थमी। मारपीट में जब रामनिवास बेसुध हो गए, तो उन्हें मरा हुआ समझकर आरोपियों ने नग्न अवस्था में पास की झाड़ियों में फेंक दिया। अगली सुबह किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें गंभीर हालत में एम्स अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहाँ होश आने पर उन्होंने अपने बेटों को पूरी आपबीती बताई। मारपीट के दौरान पीड़ित की जेब से 15,000 रुपये और सोने की चेन भी गायब हो गई थी। इस मामले में पुलिस थाना चौहाबोर्ड में मुकदमा दर्ज किया गया था। अब पुलिस ने यशपाल सिंह राठौड़ (23) उर्फ यशु पुत्र जितेन्द्र सिंह राठौड़, निवासी ओलादन नागौर, हाल ओलादन हाउस, शिक्षक कॉलोनी जोधपुर और कमल सिंघवी (67) पुत्र हेमचंद सिंघवी, निवासी सातवीं बी रोड सरदारपुरा, हाल मंगलदीप अपार्टमेंट पाल रोड, जोधपुर को गिरफ्तार कर लिया है।