पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जोधपुर कमिश्नरेट की राजीव गांधी नगर थाना पुलिस और डीएसटी पश्चिम टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक 63 वर्षीय बुजुर्ग तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 11.632 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त चूरा बरामद किया है। राजीव गांधी नगर थानाधिकारी रविन्द्र पाल सिंह को डीएसटी पश्चिम टीम के प्रभारी महादेव प्रसाद से सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव सरहद बैरू में दबिश दी। मौके से मुल्जिम धोकलराम (63) पुत्र जोराराम, निवासी बैरू पुलिस थाना राजीव गांधी नगर को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 11.632 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अग्रिम अनुसंधान थानाधिकारी सूरसागर हरिशचन्द्र सोलंकी को सौंपा गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह अवैध माल कहां से लेकर आया था और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस कार्रवाई में हेडकॉन्स्टेबल अजीतसिंह, पिन्टूसिंह, कॉन्स्टेबल प्रेमाराम, हरीश, रामचंद्र, डीएसटी पश्चिम टीम से प्रभारी महादेव प्रसाद ,हेडकॉन्स्टेबल राजूसिंह, गंगासिंह और कॉन्स्टेबल हनुमान राम, धीरज, दलाराम, रामसिंह, डूंगरसिंह व लादूराम शामिल रहे।