जोधपुर की झंवर थाना पुलिस ने पंचायत समिति प्रत्याशी पर हमला करने के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने चुनावी रंजिश के तहत हमले को अंजाम दिया था। पुलिस दोनों आरोपियों से मामले को लेकर पूछताछ कर रही है। हमलावर मारपीट करने के बाद गाड़ी में रखे नकदी और सोने की चेन भी चुराकर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार- पूरी घटना 1 नवंबर 2026 की रात्रि की है। प्रार्थी ओमप्रकाश पटेल ने झंवर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके भाई चेनाराम, जो पंचायत समिति प्रत्याशी के प्रतिनिधि जब जा रहे थे। तब झंवर गांव के हरिंगाराम पटेल और अन्य लोगों ने उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी को रास्ते में रुकवाया। इसके बाद आरोपियों ने चेनाराम पर लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। इतना ही नहीं मारपीट के बाद बदमाश गाड़ी में रखे हुए रुपए और सोने की चेन भी चुराकर ले गए। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। थानाधिकारी प्रहलाद सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी मदद के आधार पर जोधपुर शहर और ग्रामीण इलाकों में दबिश दी। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामले में वांछित दो आरोपियों को धर दबोचा। इनमें रमेश (31) पुत्र तेजाराम निवासी झंवर पटेलावास पुलिस थाना झंवर सुनील पटेल (21) पुत्र बुधाराम निवासी झंवर को गिरफ्तार किया है।