जोधपुर में घर के बाहर बैठे पिता-बेटे से कुछ बदमाशों ने मारपीट की। आरोपियों ने पुरानी रंजिश में लकड़ी के डंडे और धारदार हथियार से दोनों से मारपीट की। बदमाशों ने दोनों पर तलवार से भी हमला किया। हालांकि उन्होंने बचने की कोशिश की। इसके चलते उनके हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट आई। महामंदिर थाने में 1 नवंबर की रात 11 बजे यह वारदात हुई। पीड़ित हेमंत परिहार निवासी जुनी बागर महामंदिर ने इसे लेकर रिपोर्ट दी है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हेमंत परिहार ने बताया- मेरे बेटे और उसके दोस्त के साथ मैं खड़ा था। इसी दौरान शेखर, शेखू और सुनील सहित आरोपी आए। उन्होंने आते ही हम पर हमला कर दिया। जैसे-तैसे हमने अपनी जान बचाई और पुलिस को सूचना दी। आरोपी जाते हुए भी धमकी देकर गए हेमंत परिहार ने बताया- पुलिस के आने का पता चलने पर आरोपी मौके से भाग निकले। भागते समय उन्होंने धमकी भी दी कि पुलिस आने की वजह से वह बच गए हैं। इधर पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी में भी कैद हो गई। पुलिस की ओर से थाने में दिए परिवाद के आधार पर जांच की जा रही है।