जोधपुर में पांचला खुर्द ग्राम पंचायत में सरपंच पद प्रत्याशी ने चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोप लगाए। सरपंच प्रत्याशी प्रवींद्र सिंह ने ग्रामीणों के साथ अतिरिक्त जिला कलेक्टर को ज्ञापन देकर चुनाव प्रक्रिया की जांच करने और ग्राम पंचायत में दोबारा मतदान करने की मांग की। प्रवींद्र सिंह ने ज्ञापन में बताया- तिंवरी तहसील की पांचला खुद ग्राम पंचायत में 30 अक्टूबर को चुनाव और मतगणना प्रक्रिया पूरी की गई थी। निर्वाचन प्रक्रिया में सुरक्षा को लेकर मुद्दा उठाया था, लेकिन संबंधित अधिकारियों ने आपत्तियों का निराकरण के बिना ही मतगणना जारी रखी। इसके बाद विपक्षी प्रत्याशी को विजेता घोषित कर निर्वाचन प्रमाण पत्र जारी कर दिया। फर्जी वोटिंग का लगाया आरोप प्रवींद्र सिंह ने आरोप लगाया कि मतपटियों में गड़बड़ी की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि फर्जी वोटिंग हुई। एजेंट ने इसे रोकने की कोशिश की, लेकिन रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) ने इस पर ध्यान नहीं दिया। बार-बार विरोध करने पर भी सुनवाई नहीं की। उन्होंने कहा- जब मैं मतगणना में गया तो वहां तीन पेटियों पर सील लगी हुई थी। एक मतपेटी में सील नहीं लगी थी। इस मतपेटी के बूथ पर मेरी स्थिति मजबूत थी। उसी मतपेटी में गड़बड़ी हुई है, जिससे परिणाम मेरे खिलाफ गया। उस समय आरओ को शिकायत की गई, लेकिन उन्होंने मुझ पर दबाव बनाया और मेरी सहमति के बिना उस मतपेटी को खोला। इसके बाद मतगणना की गई। रिजल्ट पर भी मेरे साइन नहीं करवाए गए और जवाब डालकर मुझे बाहर निकाल दिया गया। निष्पक्ष जांच की मांग प्रवींद्र ने बताया- बिना सील वाली मतपेटी के संबंध में मेरे मौखिक आपत्ति उठाई जाने के बावजूद अधिकारियों ने मतपेटी की वास्तविक स्थिति के बारे में स्पष्टीकरण नहीं दिया। मतगणना जारी रखी, जो निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता के प्रतिकूल है।