जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट जोधपुर की पश्चिम जिला स्पेशल टीम (DST) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पिछले 2 साल से अधिक समय से फरार चल रहे 30 हजार रुपए के इनामी तस्कर हुक्माराम को गिरफ्तार किया है। आरोपी अगस्त 2024 से पीपाड़ शहर थाने में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में वांछित था। जोधपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ने उसकी गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। नाकाबंदी देख 1347 किलो डोडा पोस्त से भरी पिकअप छोड़कर हुआ था फरार पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त 2024 को पीपाड़ शहर थाना क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक बिना नंबर की पिकअप से 1347.72 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया था। पुलिस को देखकर पिकअप में सवार हुक्माराम पुत्र रामूराम जाट निवासी बम्बोर मौके से फरार हो गया था। इसके बाद से ही पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। गिरफ्तारी से बचने के लिए नहीं रखता था मोबाइल शातिर तस्कर पुलिस की पकड़ से बचने के लिए बेहद सतर्कता बरत रहा था। वह गिरफ्तारी के डर से मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करता था और लगातार अपने ठिकाने बदलकर अलग-अलग जगहों पर फरारी काट रहा था। मुखबिर की सूचना पर DST ने बिछाया जाल पुलिस आयुक्त अंशुमन भौमिया और पुलिस उपायुक्त पश्चिम कमल शेखावत के निर्देशन में DST टीम आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान विशेष मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर हुक्माराम को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई में सउनि महादेव प्रसाद, हेड कांस्टेबल राजूसिंह, गंगासिंह और कांस्टेबल हनुमानराम, धीरज, रामसिंह, डूंगरसिंह, दलाराम व लादूराम शामिल रहे।