मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने तस्करों की कमर तोड़ने के लिए अभियान चलाया है। इसी कड़ी में पुलिस ने नशे के सौदागरों के आर्थिक साम्राज्य पर बड़ा प्रहार करते हुए एक तस्कर की करीब 76 लाख रुपये मूल्य की अवैध संपत्ति को फ्रीज करवा दिया है। यह पूरी कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत की गई है। रेंज IG सत्येन्द्र सिंह के निर्देशन और SP पंकज यादव की मॉनिटरिंग में पुलिस ने बजरंग पुत्र बंशीलाल विश्नोई निवासी गिंगाला, पुलिस थाना खेड़ापा, जोधपुर ग्रामीण के रहवासीय मकान को फ्रिज किया। जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 75 लाख रुपये है। इसके लिए सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, नई दिल्ली से अनुमोदन प्राप्त कर इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। पुलिस अधीक्षक पंकज यादव ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी समाज और युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए बड़ी समस्या बन चुकी है। उन्होंने तस्करों को चेतावनी दी कि पुलिस की कार्रवाई अब केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि तस्करी के जरिए खड़ी की गई अवैध संपत्तियों, निवेश और अन्य आर्थिक स्रोतों का पता लगाकर उन्हें नेस्तनाबूद किया जाएगा। उन्होंने जिले के सभी थानाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे तस्करों के वित्तीय नेटवर्क की गहराई से पड़ताल करें।