जोधपुर ग्रामीण पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चला रही है। पुलिस ने एक तस्कर की करीब 76 लाख रुपए मूल्य की अवैध संपत्ति को फ्रीज करवा दिया। यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत की गई। रेंज IG सत्येंद्र सिंह के निर्देशन और SP पंकज यादव की मॉनिटरिंग में पुलिस ने बजरंग पुत्र बंशीलाल विश्नोई निवासी गिंगाला जोधपुर ग्रामीण के मकान को फ्रिज कर दिया। इसकी अनुमानित बाजार कीमत 75 लाख रुपए है। इसके लिए सक्षम प्राधिकारी और प्रशासक नई दिल्ली से अनुमोदन प्राप्त कर कार्रवाई की गई। सभी SHO को कार्रवाई के निर्देश पुलिस अधीक्षक पंकज यादव ने कहा- मादक पदार्थों की तस्करी समाज और युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए बड़ी समस्या बन चुकी है। उन्होंने तस्करों को चेतावनी दी कि पुलिस की कार्रवाई अब केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि तस्करी के जरिए खड़ी की गई अवैध संपत्तियों, निवेश और अन्य आर्थिक स्रोतों का पता लगाकर उन्हें नेस्तनाबूद किया जाएगा। उन्होंने जिले के सभी थानाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे तस्करों के वित्तीय नेटवर्क की गहराई से पड़ताल करें।