रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा और सुरक्षित रेल संचालन को लेकर सतर्कता बढ़ाने की अपील की है। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने रेलकर्मियों को रेलवे स्टेशन, प्लेटफॉर्म, ट्रेनों और अन्य रेलवे परिसरों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन में जारी सुरक्षा संदेश में विशेष चौकसी बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को देने को कहा गया है। रेलवे प्रशासन ने सभी रेलकर्मियों से नियमित ड्यूटी और निरीक्षण के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया और ट्रेनों में कोई संदिग्ध गतिविधि या लावारिस वस्तु दिखाई देने पर तुरंत संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं। लावारिस वस्तु को न छुएं, 139 पर दें सूचना सुरक्षा संदेश में स्पष्ट किया गया है कि कहीं भी बैग, टिफिन, बॉक्स, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या अन्य कोई लावारिस वस्तु दिखाई दे तो उसे छूने या हटाने का प्रयास नहीं करें। ऐसी वस्तु के आसपास यात्रियों को जाने से रोकें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें। इसकी सूचना तुरंत रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर दें। इसके अलावा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) या नजदीकी पुलिस थाने को भी जानकारी दें। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से भी अपील की है कि रेलवे परिसर में कोई अनजान या संदिग्ध वस्तु दिखाई देने पर उसे खुद उठाने की कोशिश न करें। इसकी सूचना तुरंत रेलवे हेल्पलाइन पर दें और सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों का पालन करें। यात्रियों और रेलकर्मियों की सतर्कता जरूरी रेलवे प्रशासन के अनुसार रेलवे परिसरों की सुरक्षा और यात्रियों की संरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है। रेलकर्मियों और यात्रियों की सतर्कता से किसी भी संभावित अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सकता है।