जोधपुर में दीपावली के त्यौहार को लेकर सरकारी स्कूलों में 4 नवंबर से 15 नवंबर तक दीपावली की छुट्टियां घोषित की गई हैं। लेकिन शिक्षा विभाग की तरफ से जारी एक आदेश से इसको लेकर असमंजस की स्थिति बन गई है। दरअसल, 1 नवंबर से 7 नवंबर तक मिशन लाइफ के तहत ब्रिक्स सतत जीवन शैली सप्ताह (ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक) का आयोजन किया जा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए जोधपुर के मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी समग्र शिक्षा अभियान ने 30 अक्तूबर को एक आदेश जारी किया। आदेश में जिले के सभी मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में 1 नवंबर से 7 नवंबर तक ब्रिक्स सप्ताह का आयोजन करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे में 4 नवंबर से होने वाली छुट्टियां को लेकर असमंजस बना हुआ है। वहीं, इस मुद्दे पर मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी (समग्र शिक्षा अभियान) जोधपु, भरत कुमार ने बताया कि विभाग की तरफ से हमें आदेश मिले थे तो हमने मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को प्रेषित कर दिए। बच्चे अच्छी जीवनशैली, पर्यावरण के बारे में जागरूक हों, यह अच्छी बात है। छुट्टियां शुरू होने से पहले कार्यक्रमों के संबंध में विभाग की तरफ से मंगलवार को दूसरे आदेश आते हैं तो उन्हें भेज कर लागू कर दिया जाएगा। 4 से 12 नवंबर तक है स्कूलों में अवकाश शिक्षा विभाग के निर्धारित शिविरा पंचांग के अनुसार 4 नवंबर से 15 नवंबर तक दीपावली की छुट्टियां रहेंगी। इस दौरान विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों को भी अवकाश मिलेगा। लगातार 12 दिन की छुट्टियों के बाद 16 नवंबर से स्कूलों में नियमित शैक्षणिक गतिविधियां फिर शुरू होंगी। 8 नवंबर को दीपावली, 9 नवंबर को गोवर्धन पूजा, 11 नवंबर को भाई दूज का त्योहार है।