जोधपुर शहर के महामंदिर थाना क्षेत्र में युवक की मौत का मामला सामने आया है। युवक के पिता ने अपनी बहू, उसके प्रेमी, पिता और मामा पर उनके इकलौते बेटे को जहर देकर जान से मारने का आरोप लगाया है। मामला पावटा स्थित सोनल अपार्टमेंट का है। युवक आयुर्वेद का स्टूडेंट था। घटना के बाद पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं करने पर युवक के पिता ने कोर्ट की शरण ली। अब कोर्ट के आदेश पर सोमवार को मामला दर्ज किया गया है। शादी से आकर सोया, अगले दिन मौत पुलिस को दिए परिवाद में पिता ने बताया कि उनका बेटा बीएएमएस थर्ड ईयर का स्टूडेंट था। वह अपनी पत्नी के साथ जोधपुर के पावटा बी रोड स्थित सोनल अपार्टमेंट में रहता था। 17 फरवरी 2025 की रात उनका बेटा अपनी पत्नी के साथ शहर में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। रात करीब 8-9 बजे वे अपने फ्लैट पर लौटे और खाना खाकर सो गए थे। अगली सुबह जब काफी देर तक उनका बेटा नहीं उठा, तो पत्नी ने पड़ोसियों को सूचना दी कि पति की तबीयत खराब है। पड़ोसियों की मदद से उसे पावटा के सैटेलाइट हॉस्पिटल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता का आरोप-बहू का किसी और से प्रेम संबंध पिता का आरोप है कि परिवार के लोग सदमे में थे और बिना पोस्टमार्टम कराए शव को पैतृक गांव ले गए। पिता का आरोप है कि बेटे और बहू के मोबाइल नंबर की चैट और गतिविधियों को खंगाला, तो चौंकाने वाले खुलासे हुए। मोबाइल की यूट्यूब सर्च हिस्ट्री में How to Recover Deleted Call History, Select All Photo in Google Photos, Delete Gmail Account और ANM Infection Primary Health Nursing जैसी चीज़ें सर्च की गई थीं। पिता का आरोप है कि बहू का पहले से ही किसी अन्य युवक से प्रेम संबंध था। शादी से पहले भी पैसे-जेवरात ले जा चुकी थी। ब्लैकमेलिंग और दबाव के चलते ही यह शादी कराई गई थी। पीड़ित के पिता का आरोप है कि इसका उलाहना देने पर आरोपियों ने उल्टा धमकाया। पुलिस में शिकायत दी तो पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया, उसके बाद कोर्ट की शरण ली।