सर्दियों का मौसम शुरू होते ही सूर्यनगरी जोधपुर में पर्यटकों का हुजूम जुटना शुरू हो चुका है। ऐसे में शहर में आने वाले टूरिस्ट्स का स्वागत एक नए और निखरे हुए अंदाज में करने के लिए जोधपुर के युवाओं ने अनूठी पहल की है। जोधपुर की ऐतिहासिक पहचान ब्लू सिटी के वैभव को वापस लौटाने के लिए युवाओं की टीम ने भीतरी शहर की गलियों, हवेलियों और मकानों को फिर से नीले रंग में रंगने का संकल्प लिया है। अभियान से जुड़े जवान ने बताया कि पिछले कुछ सालों में भीतरी शहर में कई ऐसे नए मकान बन गए थे, जिन पर नीला रंग नहीं किया गया था। कंक्रीट और अलग-अलग रंगों की वजह से जोधपुर की यह पारंपरिक और विश्व प्रसिद्ध पहचान कहीं न कहीं धुंधली पड़ती जा रही थी। शहर के सांस्कृतिक वैभव को सहेजने और इसे पुराना स्वरूप देने के उद्देश्य से युवाओं ने ग्राउंड लेवल पर उतरकर काम शुरू किया है। मांडने और कलाकृतियां भी बना रहे इस मुहिम के तहत दीवारों पर सिर्फ नीला रंग ही नहीं चढ़ाया जा रहा, बल्कि उस पर पारंपरिक राजस्थानी मांडने, लोक चित्रकारी और आकर्षक कलाकृतियां भी बनाई जा रही हैं। इसके साथ ही, युवाओं की यह टीम यहां आने वाले पर्यटकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संदेश भी दे रही है। रंग-रोगन के साथ-साथ गलियों की सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शिकागो का कपल बोला- ब्लू सिटी बहुत खूबसूरत शिकागो से आए कपल सोहा, नियो ने बताया कि वो पहली। बार यहां आए हैं, ब्लू सिटी वाकई में बहुत खूबसूरत है। यहां की संस्कृति यहां का रहन-सहन बहुत शानदार है। हम यहां फिर आना चाहेंगे।। लोग खिंचवा रहे फोटो युवाओं की इस कलाकारी और संकल्प को जोधपुर आने वाले देशी और विदेशी पर्यटक बेहद पसंद कर रहे हैं। गलियों के नए अवतार को देखकर पर्यटक काफी अभिभूत हैं। लोग यहां रुक-रुक कर फोटो खिंचवा रहे हैं और सोशल मीडिया के लिए रील्स बना रहे हैं। युवाओं की पहल की तारीफ जोधपुर के स्थानीय निवासियों ने भी युवाओं की इस पहल की जमकर तारीफ की है और उम्मीद जताई है कि इस पर्यटन सीजन में जोधपुर का ब्लू मैजिक फिर से पूरी दुनिया को आकर्षित करेगा।