पिंडवाड़ा के पास ग्राम पंचायत कांटल के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी अशोकपाल सिंह मीणा और सरपंच प्रतिनिधि भवानी सिंह इंदा ने निरीक्षण किया। उन्होंने पोषाहार और पढ़ाई की व्यवस्थाएं देखीं। निरीक्षण के दौरान दोनों ने विद्यार्थियों के साथ कतार में बैठकर भोजन किया। उन्होंने बच्चों से बात कर स्कूल की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने स्कूल के पीछे बने खेल मैदान का जायजा लिया। मैदान में झाड़ियां और घास उगी थी। उन्होंने जल्द सफाई कराकर मैदान को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि मैदान तैयार कराने के लिए शिक्षा विभाग ग्राम पंचायत को हरसंभव मदद देगा। निरीक्षण के अंत में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने स्कूल की विजिट बुक में अपने विचार लिखे। इस दौरान प्रधानाचार्य भगवाना राम मीणा, पत्रकार हडमत सिंह और स्कूल का पूरा स्टाफ मौजूद रहा।