करौली के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल अतेवा में ग्राम पंचायत चुनाव के बीच स्वीप कार्यक्रम के तहत बाल संसद का गठन किया गया। विद्यार्थियों को चुनाव प्रक्रिया समझाने के लिए मतदान कराया गया। कक्षा 12 के छात्र प्रेम सिंह माली को स्कूल का प्रधानमंत्री चुना गया। चुनाव में स्कूल स्टाफ ने मतदान दल की भूमिका निभाई। शिक्षकों ने पीओ-1, पीओ-2, पीओ-3 और पीओ-4 की जिम्मेदारी संभाली। प्रधानाचार्य रिटर्निंग अधिकारी (आरओ) बने। चुनाव के बाद प्रेम सिंह माली ने अपना मंत्रिमंडल बनाया। इसमें स्वास्थ्य, पर्यावरण, शिक्षा और अनुशासन मंत्री शामिल किए गए। पूरी चुनाव प्रक्रिया व्याख्याता मनमोहन शर्मा के निर्देशन में हुई। उन्होंने बाल संसद के सभी चुने गए सदस्यों को पद, गोपनीयता और कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने स्कूल परिसर की साफ-सफाई भी की। कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों ने साथ में खीर, पूड़ी और सब्जी खाई। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को लोकतांत्रिक व्यवस्था, मतदान के महत्व और जिम्मेदार नागरिक बनने की सीख देना था।