त्योहारों के दौरान लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की खाद्य सुरक्षा टीम ने मिलावट के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शहर के पांच इलाकों में प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। टीम ने फूटा कोट, भूड़ारा बाजार, अनाज मंडी, हिण्डौन गेट और ट्रक यूनियन क्षेत्र से 10 खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता के साथ उनके निर्माण, भंडारण, पैकेजिंग और बिक्री से जुड़ी व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। पांच इलाकों में पहुंची टीम, लिए सैंपल खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार मीना, संतोष कुमार, तनुजा जैन, पूजा मीना, प्रियंका कुमारी और देवाशीष कुमार की टीम ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। टीम ने खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका और उनकी गुणवत्ता की जांच के उद्देश्य से 10 सैंपल लिए। साफ और सुरक्षित जगह पर रखने के निर्देश सीएमएचओ डॉ. सतीश चंद मीणा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण, पैकेजिंग और बिक्री से संबंधित व्यवस्थाओं की जांच की गई। प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सामग्री साफ-सुथरी और सुरक्षित जगहों पर रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों की पालना करने के लिए भी पाबंद किया गया। गड़बड़ी मिलने पर होगी कार्रवाई डॉ. मीणा ने बताया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने और उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग की ओर से नियमित निरीक्षण और सैंपलिंग की जा रही है। जांच रिपोर्ट में मिलावट या गुणवत्ता से संबंधित गड़बड़ी सामने आने पर संबंधित प्रतिष्ठान संचालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।