करौली जिले में मिशन लाइफ के तहत जल संरक्षण अभियान चलाया गया। BRICS Sustainable Week के तीसरे दिन ‘सेव वाटर’ थीम पर तालाबों और अन्य जल स्रोतों की सफाई की गई। लोगों को पानी बचाने के लिए जागरूक भी किया गया। वन विभाग ने जिला स्तरीय नोडल एजेंसी के रूप में अभियान में भूमिका निभाई। रणगमा तालाब, बावड़ियों, बांधों, एनिकट और सार्वजनिक जल स्रोतों के आसपास सफाई की गई। विभागीय कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने श्रमदान कर प्लास्टिक कचरा और जलकुंभी हटाई। करौली जिला मुख्यालय, मासलपुर, हिण्डौन, गुड़ा और सपोटरा में विद्यार्थियों, स्काउट्स और ग्रामीणों ने जागरूकता रैलियां निकालीं। रैलियों में पानी की बर्बादी रोकने और जल स्रोतों को साफ रखने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों और आम लोगों को पानी का सही इस्तेमाल करने, वर्षा जल संचयन अपनाने और जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने की शपथ दिलाई गई। इस दौरान उप वन संरक्षक ओमप्रकाश जांगिड़, सहायक वन संरक्षक विकेत सिंह और वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। मिशन लाइफ का यह अभियान 1 से 7 नवंबर तक चलेगा। आने वाले दिनों में भी अलग-अलग विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम होंगे।