करौली जिले में पंचायती राज चुनाव के तीसरे चरण का मतदान मंगलवार को हुआ। हिंडौन, श्रीमहावीरजी और शेरपुर-सूरौठ पंचायत समितियों में कुल 68.65 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। हिंडौन पंचायत समिति में सबसे अधिक 70.70 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि श्रीमहावीरजी में 66.05 प्रतिशत और शेरपुर-सूरौठ में 69.22 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। तीनों पंचायत समितियों के 51 वार्डों और जिला परिषद के 9 वार्डों सहित कुल 60 वार्डों में सदस्य पदों के लिए मतदान हुआ। इसके लिए 253 मतदान केंद्र बनाए गए थे, जहां 2 लाख 46 हजार 966 मतदाताओं को वोट डालना था। 1300 जवान तैनात चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। करीब 1300 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। 76 मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया, जबकि 19 अति संवेदनशील केंद्रों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई। मतदान केंद्रों पर वीडियोग्राफी के साथ मोबाइल पुलिस दलों ने भी लगातार निगरानी रखी। जिला निर्वाचन अधिकारी अक्षय गोदारा और एसपी लोकेश सोनवाल के निर्देशन में प्रशासन और पुलिस टीमों ने चुनाव व्यवस्था पर नजर रखी। मतदान के दौरान कहीं भी बड़ी गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली और चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। अब 5 नवंबर को तीनों पंचायत समितियों की 76 ग्राम पंचायतों में सरपंच और पंच पदों के लिए मतदान कराया जाएगा।